भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं। कृषि विज्ञान केन्द्र, आबूसर द्वारा ग्राम लूणा में सरसों फसल पर प्रक्षेत्रा दिवस का आयोजन किया गया। केन्द्र द्वारा तिलहनी फसल सरसों का उत्पादन व उत्पादकता में बढ़ोतरी हेतु लूणा में सरसों फसल के प्रदर्शन लगाए गए एवं उन्नत कृषि तकनीक, उच्चतम उपज देने वाली सरसों किस्म ’’गिरिराज’’ की समय पर बुवाई संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के फलस्वरूप कृषक खेतों पर सरसों फसल की उपज में हुई बढ़ोतरी से कृषकों को रूबरू कराने हेतु इस प्रक्षेत्रा दिवस का आयोजन किया गया था। केन्द्र के पशुपालन विशेषज्ञ डॉ0 आर.एस.राठौड़ ने सरसों प्रदर्शनों के बारे में बताते हुए कृषकों को कहा कि सरसों फसल जिले की महत्वपूर्ण रबी तिलहन नकदी फसल है जिसमें उन्नत शस्य क्रियाऐं अपनाकर कृषक अपने खेत पर पैदावार बढ़ा सकते हैं। केन्द्र के उद्यान विशेषज्ञ डॉ. रशीद खान ने सरसों फसल की उन्नत किस्म ’’गिरिराज’’ के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ सरसों फसल में जिप्सम का प्रयोग तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के बारे में बताया। इस अवसर पर कृषक समुद्र सिंह, हनुमान सिंह, पूर्व सरपंच कुरडा राम मीणा, प्रगतिशील कृषक कुन्दन सिंह, अशोक कालेर, पाल सिंह व किशोर इत्यादि मौजूद थे।
सरसों फसल पर प्रक्षेत्रा दिवस का आयोजन